आज सावन का आखिरी सोमवार है. अगर आप भी आज व्रत रख रहे हैं और आपको समझ नहीं आ रहा कि मीठे में क्या बनाएं तो यहां हम आपको साबूदाना-मखाने की टेस्टी खीर की रेसिपी बता रहे हैं. साबूदाना-मखाने की मिक्स खीर न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट होती है बल्कि शरीर को तुरंत ऊर्जा भी देती है.
हालांकि, साबूदाना खीर बनाते समय अक्सर लोगों की यह शिकायत रहती है कि पकते समय दूध फट जाता है, साबूदाना बर्तन के तले में चिपक जाता है या फिर खीर चिपचिपी होकर चिपकने लगती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अब घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
साबूदाने को सही तरीके से भिगोने और दूध में मिलाने की एक छोटी सी ट्रिक से आपकी खीर कभी नहीं फटेगी और साबूदाने का एक-एक दाना मोती की तरह खिला-खिला और ट्रांसपेरेंट फूलेगा. आइए जानते हैं रबड़ी जैसी गाढ़ी साबूदाना खीर बनाने की सामग्री और सबसे आसान तरीका.
सामग्री (Ingredients)
साबूदाना (मीडियम साइज) – 1/2 कप
मखाना – एक चौथाई कम (छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
फुल क्रीम दूध – 1 लीटर
चीनी – 1/2 कप (स्वादानुसार)
देसी घी – 1 बड़ा चम्मच
हरी इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
केसर के धागे – 10 से 12 (2 चम्मच गर्म दूध में भीगे हुए)
काजू, बादाम और पिस्ता (कटे हुए) – 2 बड़े चम्मच
बनाने का तरीका
साबूदाने को 2-3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उसका अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए. अब 1/2 कप साबूदाने में सिर्फ 1/2 कप पानी डालकर 2 से 3 घंटे के लिए भिगो दें. इससे दाने सॉफ्ट हो जाएंगे और खीर चिपचिपी नहीं बनेगी.
एक भारी तले के बर्तन में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालें और मध्यम आंच पर उबाल आने दें.
एक छोटे पैन में 1 चम्मच देसी घी गरम करें और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब इसी घी में भीगा हुआ साबूदाना डालें और धीमी आंच पर 1 मिनट के लिए हल्का सा चला लें. घी में हल्का भूनने से साबूदाने के ऊपर एक कोटिंग आ जाती है, जिससे खीर कभी नहीं फटती और न ही बर्तन में चिपकती है.
उबलते हुए दूध में भुना हुआ साबूदाना डालें और आंच को मध्यम कर दें. कछुल से लगातार चलाते रहें ताकि दाने नीचे न बैठें.
5 से 7 मिनट में साबूदाने के दाने फूलकर दूध के ऊपर तैरने लगेंगे और मोतियों की तरह ट्रांसपेरेंट दिखने लगेंगे.
जब साबूदाना पूरी तरह से पक जाए और दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें भीगा हुआ केसर का दूध, चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं.
चीनी डालने के बाद खीर को 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर और पकाएं ताकि चीनी अच्छे से घुल जाए और खीर में रबड़ी जैसा गाढ़ापन आ जाए.
ऊपर से भुने हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाएं और गैस बंद कर दें. तैयार है आपकी मलाईदार और दानेदार साबूदाना खीर. इसे गरम या फ्रिज में ठंडा करके व्रत के फलाहार के रूप में सर्व करें.









